जो बच्चा रोया नहीं – Chapter 2
असल में, मुझे अपने बचपन की ज़्यादा कुछ याद नहीं।
यह भी अजीब बात है, जिस पर मैंने बरसों में कभी ठहरकर नहीं सोचा था। मुझे बड़की माई की गोद याद है। मुझे अपना आठ-नौ बरस का होना याद है, गाँव के ताल पर रोटी खाती हुई। पर उससे पहले, कुछ नहीं। एक सफ़ेद कपड़ा। जैसे किसी पुरानी तस्वीर के एक हिस्से पर किसी ने चूना पोत दिया हो।
बड़की माई कहती थी कि मैं बाढ़ में बहकर आई थी। एक साल की रही होऊँगी। नदी में लकड़ी के एक पीढ़े पर लेटी हुई। उसने मुझे उठाया, घर लाई, और मैं उसकी हो गई। उसके कोई औलाद नहीं थी। मेरी माँ या बाप का कोई पता नहीं चला। मैंने कभी पूछा भी नहीं।
तब मुझे नहीं पता था कि मैं ग़लत सवाल पूछना भूल गई थी।
मेरी बड़की माई इस इलाक़े की सबसे नामी दाई थी। उसके हाथों का जादू सुनकर लोग चालीस कोस दूर से बुलाने आते थे। मैंने उसी से काम सीखा। बारह बरस की उम्र से वह मुझे अपने साथ ले जाती, कपड़ों की पोटली उठवाती, गरम पानी लाने को कहती। चौदह की हुई तो उसने मेरे हाथ में पहली बार नाल काटने की कैंची दी। सोलह की थी, तब पहली बार मैंने अपने हाथ से बच्चा निकाला।
उसके कुछ नियम थे। बहुत पक्के नियम, जो वह बार-बार दोहराती थी, जैसे मंत्र।
पहला: जच्चगी में माँ की जान पहले, बच्चे की बाद में, और अगर दोनों को बचा सको तो भगवान का धन्यवाद।
दूसरा: हर बच्चे को रोना चाहिए। न रोए तो रुलाओ, जब तक रोए नहीं तब तक हाथ मत हटाओ। बच्चे की पहली रुलाई उसकी साँस का दरवाज़ा है। और उससे भी बड़ी बात, पहली रुलाई उसकी अपनी होती है। वह दुनिया से उसका पहला हक़ है। जो उसे छीने, वह चोर है।
तीसरा: कभी किसी जच्चा को अकेला मत छोड़ना।
चौथा: लाल कोठी में रात को मत जाना।
यह चौथा नियम वह सबसे ज़्यादा ज़ोर देकर कहती थी, और जब कहती, तो उसकी आवाज़ बदल जाती थी, जैसे कोई बात गले से नहीं, कहीं गहरे से आ रही हो। मैंने कई बार पूछा कि क्यों। वह कहती, दिन में चली जाना, जितना काम हो करके लौट आना। पर रात को नहीं। कभी नहीं। चाहे कोई जान की क़सम दे।
मैंने कभी नहीं पूछा कि इसके पीछे क्या है। गाँव में सब लाल कोठी के बारे में थोड़ा-थोड़ा जानते थे और बहुत कम बोलते थे।
लाल कोठी गाँव के पूरब में थी, बस्ती से एक कोस बाहर, ऊँचे टीले पर। ऊँची, पुरानी, गहरी लाल ईंटों की हवेली, जिसके चारों ओर बारह फुट ऊँची दीवार थी, और दीवार के भीतर नीम, शीशम और जामुन के पेड़ों का घना जंगल। उस जंगल में कभी चिड़िया नहीं बैठती थी। यह बात बच्चे भी जानते थे। दीवार के ऊपर से जो पेड़ झाँकते थे, उन पर न कौवे, न तोते, न गौरैया। और उसके आसपास के खेतों में भी, सैकड़ों गज दूर तक, परिंदे नहीं उतरते थे।
वहाँ ठाकुर भवानी सिंह का ख़ानदान रहता था।
वे दो सौ साल से इस इलाक़े के मालिक थे, और गाँव के लिए बहुत कुछ करते थे। साल दर साल अकाल पड़ा, पर कोठी के भंडार खुल जाते थे। गाँव में सूखे में भी किसी को भूखा मरते नहीं देखा गया। जब आस-पास के इलाक़ों में डाकुओं का आतंक था, तो सूखाताल में कभी किसी घर में सेंध नहीं पड़ी। बीमारी आई, हैज़ा आया, पर हमारे गाँव में मौतें गिनी-चुनी रहीं। लोग कहते थे, यह कोठी का साया है। ठाकुरों की मेहरबानी है।
और बदले में गाँव ने कभी कोठी के भीतर झाँकने की कोशिश नहीं की।
कोठी के बच्चों के बारे में भी एक बात मशहूर थी। ठाकुरों के बच्चे बारह बरस की उम्र तक बोलते नहीं थे। यह उनका ख़ानदानी रिवाज था, कहते थे। बारह बरस तक वे मौन व्रत रखते हैं, संस्कार के तौर पर, और बारहवें बरस की अमावस पर एक बड़ी पूजा होती है, उसके बाद बच्चा बोलना शुरू करता है। गाँव के लोग इसे बड़े आदर से बताते थे। देखो, कितने संस्कारी लोग हैं। बच्चे को बचपन से चुप रहना सिखाते हैं।
मैंने भी कभी इस पर सवाल नहीं उठाया।
आज सोचती हूँ, तो अपने ऊपर शर्म आती है।
उस दिन दोपहर को मैं थोड़ा सोई। शाम को उठी तो बिट्टो चूल्हे के पास बैठी रोटी सेंक रही थी, और रात की खिचड़ी का पानी चढ़ा था।
अम्मा, उसने कहा। आज बड़ी बात हुई गाँव में।
क्या?
कोठी से बुलावा आया था, पंडित जी के पास। आज के दिन पूजा है कोठी में, तीन दिन बाद अमावस है न, तो उसकी तैयारी। पंडित जी को हर महीने जाना पड़ता है, पर इस बार वे लौटकर बहुत घबराए हुए थे। बंसी कुम्हार ने मुझे बताया।
घबराए हुए क्यों?
पता नहीं। बंसी ने बस इतना कहा कि पंडित जी ने रास्ते में तीन बार पीछे मुड़कर देखा, जैसे कोई पीछे आ रहा हो।
मैंने कंधे उचकाए।
पंडित हरिनारायण हमेशा से डरपोक हैं, मैंने कहा।
बिट्टो चुप हो गई। फिर बोली, अम्मा, तुम्हें कभी कोठी के बारे में कुछ नहीं लगा?
क्या लगना है?
पता नहीं। वहाँ से कोई कभी बोलता नहीं। उनके नौकर बाज़ार आते हैं तो इशारों में सौदा करते हैं। उनके यहाँ कभी किसी ने ढोल नहीं बजाया, शादी-ब्याह में भी नहीं। उनके यहाँ कभी किसी के रोने की आवाज़ नहीं आई।
मैंने उसकी ओर देखा। रोटी का तवा उसके हाथ में थम गया था।
बिट्टो, मैंने कहा। यह सब बातें किसने भरीं तेरे दिमाग़ में?
कोई नहीं, उसने कहा। मैं बस सोचती हूँ।
मैं कुछ नहीं बोली। मैं वह बात सोच रही थी जो बरसों से मेरे भीतर कहीं सोई पड़ी थी। चौथा नियम। लाल कोठी में रात को मत जाना।
और उस रात, खिचड़ी खाकर, जब हम दोनों सोने की तैयारी कर रहे थे, दरवाज़े पर दस्तक हुई।
पहली दस्तक धीमी थी, दो बार। फिर रुकी। फिर तीन बार, और वह भी बहुत धीरे, जैसे दस्तक देने वाले को अपने हाथों की आवाज़ से डर लग रहा हो।
मैंने बिट्टो की ओर देखा। वह खाट पर बैठी थी, उसकी आँखें बड़ी हो गई थीं।
कौन है? मैंने पुकारा।
कोई जवाब नहीं आया। सिर्फ़ फिर वही दस्तक। दो। रुकना। तीन।
मैं उठी, लालटेन उठाई, और किवाड़ की सिटकिनी खोली।
बाहर एक आदमी खड़ा था।
लालटेन की पीली रोशनी में पहले मुझे सिर्फ़ उसकी परछाईं दिखी, दरवाज़े से भी लंबी, आँगन तक गिरती हुई। फिर मैंने उसे देखा। पैंतालीस के आसपास, दुबला, पतला, साँवला, सफ़ेद धोती-कुर्ता पहने, कंधे पर एक कंबल डाले। उसके चेहरे पर कुछ ऐसा था जो मुझे पहली नज़र में अटपटा लगा, और काफ़ी देर तक मैं समझ नहीं पाई कि क्या।
फिर समझ आया। उसका चेहरा बहुत ज़्यादा साफ़ था। जैसे किसी आदमी के चेहरे से सारी हलचल पोंछ दी गई हो। आँखें बड़ी, पर पलकें कम झपकतीं। होंठ बंद, पर ऐसे बंद जैसे उन्हें खोलने की आदत ही न रही हो।
उसने मुझे देखा।
और जब उसकी आँखें मेरे चेहरे पर टिकीं, तो वह हिल गया।
मैंने अपने भीतर उसकी आँखों का भाव पकड़ने की कोशिश की। वह डर नहीं था, न हैरानी। वह कुछ और था। जैसे कोई आदमी बहुत बरसों बाद किसी भूले हुए चेहरे को पहचानने की कोशिश करे और पहचान जाए, और पहचानते ही उसे डर, दुख और राहत एक साथ घेर लें। उसकी साँस थम गई थी। उसके हाथ काँप रहे थे।
तुम कौन हो भाई? मैंने पूछा। इतनी रात गए?
उसने कुछ नहीं कहा।
उसके होंठ हिले। मैंने साफ़ देखा कि वे हिले। पर उनसे कोई आवाज़ नहीं निकली। एक भी नहीं। न साँस, न फुसफुसाहट। बस जैसे कोई मछली पानी के बाहर मुँह खोलकर बंद कर रही हो।
वह गूँगा था।
उसने अपने कुर्ते की जेब में हाथ डाला, एक सफ़ेद काग़ज़ निकाला, तह किया हुआ, और मेरी ओर बढ़ाया। मैंने उसे लालटेन के पास ले जाकर खोला।
वेबसाइट पर अपनी पसंदीदा कहानियाँ मुफ्त पढ़ें और Story FM App पर उन्हीं कहानियों का शानदार Audio Experience लें।
यह कहानी Story FM app पर ऑडियो में भी सुनें — आगे के एपिसोड सबसे पहले वहीं आते हैं।
Audio mein suno